भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। दूसरे दिन के खेल की पहली गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने मोहम्मद शमी को आउट कर भारत को 250 पर समेट दिया।
दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया ने 88 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 191 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज हेड 149 गेंद में 61 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि उनका साथ मिचेल स्टार्क (8 रन) दे रहे हैं।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी की। दोनों ने ऑस्ट्रेलिया की दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं फिरकी गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने 33 ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
इशांत शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट लेने का कीर्तिमान भी बना दिया है। फिलहाल भारत 59 रन से आगे है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तीसरे दिन भारत ऑस्ट्रेलिया को कितनी जल्दी आउट करने में सफल होता है।
बता दें, कि पहली पारी में भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने सर्वाधिक 123 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 61 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। ऋषभ पंत और रविचंद्रन अश्विन अच्छी लय में नजर आए लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। दोनों ने 25-25 रन जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सफल गेंदबाज जोश हेजलवुड रहे जिन्होंने 3 विकेट झटके। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और लियोन को दो-दो सफलता मिली।




Post A Comment:
0 comments: